जनता की समस्याओं पर आंदोलन करेगी भाजपा, मंडल स्तर पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ होंगे प्रदर्शन
श्रीकांत शर्मा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान तेज करने और कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं के बीच सक्रिय रहने के दिए निर्देश
हिमाचल नाऊ न्यूज कुल्लू
भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा संघर्ष तेज करेगी। कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों, बेरोजगारी, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा मंडल स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कुल्लू में आयोजित भाजपा जिला संगठन की बैठक में श्रीकांत शर्मा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 575 बूथ और 165 ग्राम केंद्र हैं। जिले के 12 मंडलों में विस्तारक पहुंच चुके हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर एक दिन बिताकर घर-घर संपर्क करने और बूथ समितियों के सदस्यों की सक्रियता का सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस प्रक्रिया को 15 से 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
श्रीकांत शर्मा ने महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी, बंद हुई योजनाओं, पंचायतों के विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चिट्टे के बढ़ते कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताते हुए कार्यकर्ताओं से जनजागरण अभियान चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठनात्मक मजबूती के लिए पुराने व सक्रिय कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क जरूरी है। बैठक में जिला अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक लोपेंद्र, वरिष्ठ नेता अजय राणा सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।