Loading...

दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर डैम में गिरा टैंकर, दो की मौत

PRIYANKA THAKUR • 4 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / मंडी

जिला मंडी में आज एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक टैंकर अनियंत्रित होकर पड़ोह डैम में जा गिरा। इस हादसे में अभी तक दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि टैंकर में और लोग भी सवार थे। ऐसे में सर्च ऑपरेशन को जारी रखा हुआ है।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह का बताया जा रहा है। टैंकर पर पंजाब का नंबर अंकित है जोकि पीबी 65 एजी 5656 है। टैंकर कुल्लू की तरफ तेल छोड़कर वापस आ रहा था। ऐसे में वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मंडी से एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उधर, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक दो शवों को निकाला गया है।