दर्दनाक हादसा: एचआरटीसी बस के टायर के नीचे आई महिला, मौत
HNN/ मंडी
जिला मंडी के सरकाघाट बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर एचआरटीसी की बस की चपेट में एक महिला आ गई, जिस कारण उसकी मौत हो गई है।
मृतक महिला की पहचान रोशनी देवी 71 पत्नी रत्न चंद गांव व डाकघर रोपडी तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला सुबह बाजार में चूड़ियां पहनने के लिए आई थी। चूड़ियां पहनने के बाद घर जाने के लिए महिला बस स्टैंड पहुंची।
महिला जैसे ही दूसरी बस के सामने से गुजर रही थी कि तभी एचआरटीसी की बस (HP 28-4042) बस स्टैंड में प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान देखते ही देखते बस के फ्रंट टायर के नीचे महिला आ गई।
महिला को बस के नीचे आते देख लोगों ने शोर मचाया। इसी दौरान गश्त कर रहे पुलिस के जवानों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्स्कों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि मृतक महिला अपने पीछे पति एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गई है। जानकारी है कि एक बेटे की दो माह पहले ही मौत हुई थी। सरकाघाट डीएसपी कुलदीप ने घटना की पुष्टि की है।