दर्दनाक हादसा: गौशाला गिरने से एक महिला की गई जान, 2 जख्मी

By Ankita Published: 7 Aug 2023, 1:34 PM | Updated: 7 Aug 2023, 1:34 PM 1 min read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी की तहसील खुंडियां की मझीण पंचायत के दवकेड़ में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां अचानक ही गौशाला गिर गई, जिस कारण एक महिला की जान चली गई है। वहीं 2 अन्य महिलाएं जख्मी हुई है। मृतका महिला की पहचान भागो देवी (38) पत्नी विपन कुमार निवासी चौकी दवकेड़ के रूप में हुई है।

वहीं घायलों की पहचान संकुतला देवी (70) पत्नी रिखी राम और देवरानी राधा रानी (28) पत्नी सोनी कुमार निवासी चौकी दवकेड़ के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, भागो देवी अपनी सास संकुतला और देवरानी राधा के साथ गौशाला में मौजूद थी। इस दौरान अचानक ही गौशाला गिर गई जिसकी चपेट में आने से तीनों महिलाएं मलबे में दब गई। घटना के बाद तीनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया, जहां भागो ने दम तोड़ दिया।

इसके अलावा शकुंतला को गंभीर अवस्था में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है जबकि राधा का नादौन अस्पताल में उपचार चल रहा है। उधर, डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 40 हजार रूपए प्रदान किए गए हैं।

Tags: