दर्दनाक हादसा: पार्वती नदी में बहने से गुजरात के 19 वर्षीय युवक की मौत
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू के मणिकर्ण में एक पर्यटक की पार्वती नदी में बहने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान सोहम शाह (19) पुत्र किशन बाबू भाई प्लाट नंबर 18 त्रिमूर्ति सोसायटी भावानगर, गुजरात के रूप में हुई है। परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल में रखा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपने 84 लोगों के साथ 27 मई की शाम को ही मणिकर्ण पहुंचा था। मंगलवार को उन्होंने मलाणा के लिए ट्रैकिंग पर जाना था, मगर इससे पहले दोपहर बाद करीब 1:30 बजे मणिकर्ण घाटी के जरी स्थित चौहकी के पास सोहम शाह का पैर फिसला और वह पार्वती नदी में गिर गया।
जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस काे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तलाश कर युवक को रेस्क्यू किया। जिसके बाद उसे तुरंत ही उपचार के लिए जरी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।