दर्दनाक हादसा: सड़क से लुढ़क कर खाई में गिरी कार, चालक की मौत
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में रामपुर के समरकोट शलावट रोड के पास एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां मारुति कार के खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई है। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डूंगसा निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रोहडू पंहुचाया है साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील अपने मौसेरे भाई कृष्ण व ऋतिक के साथ गाड़ी (HP10B-4394) में सवार होकर चौनाला की ओर जा रहे थे, जहां उन्होंने समरकोट शलावट के पास गाड़ी को रोक दिया। गाड़ी में सवार अन्य युवक गाड़ी से बाहर आ गए थे, लेकिन सुनील गाड़ी में ही बैठा हुआ था। इस दौरान जैसे ही सामने से आ रही एक गाड़ी को पास देने के लिए सुनील ने गाड़ी घुमाई, तो इसी दौरान वह गाड़ी से संतुलन खो बैठा, जिससे गाड़ी सड़क से लुढ़क कर खाई में जा गिरी।
घटना के बाद अन्य युवकों ने उसे अस्पताल पहुंचाना चाहा, परंतु तब तक वह दम तोड़ चुका था। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन युवको के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि डीएसपी रोहडू चमन लाल ने की है।