दिनदहाड़े कार चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, इतने दिन का मिला पुलिस रिमांड…..
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में पुलिस थाना भोरंज के तहत अवाहदेवी के साथ लगते कोट लांगसा से बीते शनिवार को दिनदहाड़े एक कार चोरी हुई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसके बाद शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी की पहचान विशाल कुमार गांव जंदड़ू कलां तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रुप में हुई है।
बता दें कि पीड़ित अनीता देवी गांव बडाल सरकाघाट कोट-लांगसां में पशु औषधालय में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक, अनीता देवी ने करीब 3 बजे कोट में ही दर्जी की दुकान के बाहर अपनी कार को पार्क किया था और चाबी को कार में ही छोड़ कर अपने कपड़े लेने के लिए दुकान पर गई थीं।
जिस दौरान शातिर ने मौके का फायदा उठाया और चंद पलों में कार को ले गया। जब अनीता देवी दुकान से वापिस आई तो वहां पर उसकी गाड़ी नहीं थी। जिसके बाद उसने अवाहदेवी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
जिसके बाद पुलिस की टीम ने आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस थाना भोरंज के प्रभारी मस्त राम ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।