दीपावली से पहले मिलावट पर शिकंजा : सिरमौर में 50 किलो खोया और मिठाइयां नष्ट

दीपावली से पहले सिरमौर जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 50 किलो से अधिक खराब खोया और मिठाइयों को नष्ट किया और दुकानदारों को स्वच्छता के मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।

राजगढ़/सिरमौर।

राजगढ़ बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की आकस्मिक जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप के नेतृत्व में बुधवार को विभाग की टीम ने राजगढ़ बाजार की मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 50 किलोग्राम खोया और मिठाइयाँ खराब पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

नमूनों की लैब जांच जारी
निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल 9 नमूने एकत्र किए, जिनमें 7 सर्विलांस और 2 लीगल सैंपल शामिल हैं। इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने दी चेतावनी और उपभोक्ताओं से की अपील
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप ने कहा कि दीपावली के मद्देनज़र उपभोक्ताओं को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे मिठाइयाँ व दूध उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुसार स्वच्छ वातावरण में ही तैयार करें। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दें।

जिलेभर में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
विभागीय सूत्रों के अनुसार, दीपावली तक सिरमौर जिले के प्रमुख बाजारों में इसी तरह का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि मिलावटखोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।