देवधार में तीन मंजिला मकान में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में ग्राम पंचायत न्योली के गांव देवधार में आगजनी की एक घटना पेश आई है। यहां तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आगजनी में तीसरी मंजिल में लगी आग से दो कमरे पूरी तरह से जलकर राख हो गए। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गनीमत यह रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवधार में अनिल कायस्था पुत्र जीत राम कायस्था के मकान की तीसरी मंजिल में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। मकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने विकराल धारण कर लिया।
जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। विभाग द्वारा करीब दो करोड़ को संपत्ति को बचाया गया है। जबकि 15 लाख का नुकसान हुआ है। दमकल अधिकारी प्रेम भारद्वाज ने मामले की पुष्टि की है।