Loading...

दो अलग-अलग जगहों पर चोरी हुई बाइक, जांच में जुटी पुलिस

PARUL • 24 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

हिमाचल प्रदेश में हर दिन वाहनों की चोरी के कई मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जिला ऊना का है जहां पर दो अलग-अलग जगहों से दो बाइकें चोरी हो गई हैं। जिसके बाद बाइक चालकों द्वारा पुलिस में बाइक के चोरी होने की शिकायत की दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि पहला मामला जिला ऊना के पुराना बस स्टैंड के पास हमीरपुर रोड का है। जहां पर एक व्यक्ति ने शनिवार सुबह बाईक हमीरपुर रोड ऊना पर पार्क की थी। जब कुछ देर बाद वह वापिस आया तो बाइक वहां से गायब थी। जिसके बाद उसने तुरंत ही पुलिस में इस बात की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान विशाल निवासी खड्ड के रूप में हुई है।

तो वहीं दूसरा मामला क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पेश आया है। जहां अशोक कुमार निवासी नंगल की बाइक चोरी हुई है। अशोक ने पुलिस को बताया कि जब वह 30 अगस्त को बाइक पर सवार होकर अपने बेटे विशाल सैणी के साथ सरकारी अस्पताल ऊना आया था। उसने अस्पताल के बाहर अपनी मोटर साइकल खड़ी की। कुछ समय बाद जब वह वापिस आए, तो बाइक वहां पर नहीं थी।

उसने बताया कि काफी तलाश के बाद भी अभी तक बाइक के बारे में कोई पता नहीं चला है। जब बाइक का कहीं भी पता नहीं चला तो उसने पुलिस के पास बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अशोक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। अर्जित सेन पुलिस अधीक्षक ऊना द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों मामलों की जांच की जा रही है।