दो भालुओं ने गुच्छी ढूंढने निकले युवक पर किया हमला, घायल
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में विकास खंड नग्गर की ग्राम पंचायत अरछंडी में दो भालुओं ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हुआ है। घायल की पहचान राजू निवासी नेपाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू सुबह जंगल में गुच्छी की तलाश में निकला था, लेकिन पातका बटेहड़ जंगल में दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया।
हमले में युवक घायल हो गया। भालुओं के चंगुल से छूटने के बाद उसे उपचार के लिए ग्रामीणों ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक को घर भेज दिया गया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से ग्राम पंचायत अरछंडी के साथ ग्राम पंचायत जाणा, लरांकेलो और नथान में भालू देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने वन विभाग से भालुओं को पकड़ने की अपील की है। इस संबंध में वन विभाग के परिक्षेत्राधिकारी नग्गर टेक सिंह ने कहा कि जंगल में भालू होने की शिकायत नहीं मिली है। अगर जंगल में भालू हैं तो वन्य प्राणी विभाग के साथ मिलकर पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।