दो युवकों ने सहायक अभियंता के साथ की मारपीट, मामला दर्ज
HNN/मंडी
जिला मंडी में उपमंडल धर्मपुर की ग्राम पंचायत लौंगणी के एक सहायक अभियंता के साथ दो युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सहायक अभियंता अनिल कुमार (57) पुत्र शिव शरण गांव खैलग डाकघर लौंगणी तहसील धर्मपुर 22 जनवरी को टिहरा से अपने घर अपनी गाड़ी में जा रहे थे। इसी दौरान करीब 8:30 बजे रात जब वह जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह भराड़ी के पास पहुंचे तो दो लड़कों ने उनका रास्ता रोका और गाड़ी की खिड़की खोलकर लात-घूसों से मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं एक युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
सहायक अभियंता कड़ी मशक्कत के बाद इनसे बचकर अपने घर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। सहायक अभियंता ने बताया कि युवकों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि की है।