धर्मुपर-सुबाथू मार्ग पर पहाड़ों की कटिंग के लिए प्रतिबंध
HNN/ सोलन
आपदा को देखते हुए हिमाचल आपदा प्रबंधन की ओर से कुछ जिलों में 31 अगस्त तक पहाड़ों की कटिंग के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा चुका है। वहीं सुबाथू धर्मपुर व गंबर पुल मार्ग पर काफी समय से सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था जो अब बंद पड़ा है। इससे कई जगह खतरनाक पहाड़ी ज्यों के त्यों पड़ी हुई हैं।
बरसात के चलते बीते वर्ष प्रदेश में हुई आपदा से सावधानी बरतते हुए सुबाथू लोक निर्माण विभाग ने इन मार्गों पर पहाड़ों की कटिंग के कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है। लोक निर्माण विभाग उपमंडल सुबाथू के तहत करीब 21 करोड़ की लागत से सुबाथू-धर्मपुर व ममलीग से गंबर पुल सड़क निर्माण कार्य के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग सुबाथू के सहायक अभियंता साहिल कुमार ने बताया कि उपमंडल में इन दिनों किसी भी विकास कार्यों के लिए पहाड़ काटने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि सुबाथू-धर्मपुर व ममलीग से गंबरपुल मार्ग पर भी डंगे व पहाड़ों को सुरक्षित रखने का कार्य चल रहा है। बरसात के बाद ही पहाड़ों की स्थिति को देखते हुए कटिंग कार्य शुरू किया जाएगा।