नकली शराब मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को किया गिरफ्तार
HNN/ ऊना
नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर शराब मामले में मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को ऊना से पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों ने शराब गौरव से लेने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस गौरव की तलाश में जुट गई थी। सूचना मिलते ही गौरव मौके से फरार हो गया था।
बता दें ऊना पुलिस की टीमें गौरव को दबोचने के लिए पालमपुर, पठानकोट और जम्मू में डेरा डाले हुए थे। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। गौर हो कि मंडी में जहरीली शराब मामले में भी मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास जमानत पर चल रहा था। ऊना पुलिस उसकी जमानत रद्द करवाने के लिए हाईकोर्ट जा रही थी।
चौतरफा बढ़ते दबाव के बीच गौरव ऊना में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। हालांकि इस मामले में और गिरफ्तारियां होना तय हैं। इस मामले में गौरव की पत्नी को पहले ही पुलिस जांच में शामिल कर चुकी है, जबकि स्प्रिट खेप को लेकर कुछ लोगों से पूछताछ की है।
पुलिस ऊना शहर से स्प्रिट से भरे दस ड्रम बरामद कर चुकी है, जबकि कुल 420 पेटी नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर वाली शराब की पेटियां मिली हैं। इस तरह से यह पूरा मामला नकली शराब से जुड़ता जा रहा है। ऊना से गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास कांगड़ा जिले के पंचरूखी का रहने वाला है।
मंडी के जहरीली शराब मामले में उसे पंजाब के जिरकपुर से गिरफ्तार किया था। उस दौरान जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हुई थी। गौरव शुरू से ही शराब का ठेकेदार रहा है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने की है।