नगर निगम की कार्रवाई, 6 तहबाजारियों का सामान जब्त
HNN/शिमला
शिमला में नगर निगम ने रविवार को तहबाजारियों पर कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने लोअर बाजार, लिफ्ट, संजौली और विकासनगर के पास 6 लोगों का सामान जब्त किया है। ये सभी अवैध रूप से सामान बेच रहे थे और इनके पास किसी भी तरह का लाइसेंस नहीं था।
नगर निगम की टीम ने डी. सी. ऑफिस से लेकर शेर-ए-पंजाब तक निरीक्षण कर अवैध रूप से बैठे 5 तहबाजारियों पर कार्रवाई की। संजौली में एक तहबाजारी अवैधरूप से सामान बेच रहा था, उसका सामान भी निगम की टीम ने जब्त किया है। नगर निगम की टीम द्वारा हर रविवार को अवैध रूप से बैठने वाले तहबाजारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
लोअर बाजार में हालात ऐसे हैं कि तहबाजारियों के साथ-साथ दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों से बाहर ही अवैधरूप से सामान बेचने के लिए लगाया होता है, जिस कारण आवाजाही करते समय लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। नगर निगम समय-समय पर ऐसे तहबाजारियों पर कार्रवाई करता रहता है।