Loading...

नगर निगम शिमला के वार्डों की संख्या 41 से 34 करने पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट

Ankita 5 Apr 2023 Edited 5 Apr 1 min read

HNN/ शिमला

प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में बुधवार को प्रश्नकाल के बाद विपक्ष ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत नगर निगम शिमला के वार्डों को 41 से 34 करने का मुद्दा सदन में उठाया। बीते रोज सरकार ने सदन में विधेयक लाकर वार्डों की संख्या को 41 से 34 किया था, लेकिन विपक्ष सदन में कल मौजूद नहीं था, जिसके चलते आज विपक्षी विधायक रणधीर शर्मा ने इस मुद्दे को पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत उठाया और सरकार पर चुनाव आयोग के नियमों की धज्जियां उड़ाने के आरोप लगाए।

विधान सभा अध्यक्ष ने विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दे पर चर्चा के लिए समय नहीं दिया, जिस पर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन के भीतर विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। विपक्ष को अपनी बात रखने के लिए विधानसभा में समय नहीं दिया जा रहा है।

बीते कल सरकार ने विपक्ष की गैर हाजिरी में बिल पारित कर वार्डों की संख्या को 41 से 34 किया है, जो कि चुनाव आयोग के नियमों की भी उल्लंघन है। पूर्व भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार वार्ड का पुनर्सीमांकन करके संख्या बढ़ाई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए फिर से वार्डों की संख्या को कम कर दिया है।