Loading...

नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार ली प्रधानमंत्री पद की शपथ

PARUL • 9 Jun 2024 • 1 Min Read

लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद अब 18वीं लोकसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नरेंद्र मोदी ने आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। मोदी सरकार 3.0 का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 7.15 बजे राष्ट्रपति भवन में शुरू हुआ।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मोदी ने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वहीं उनके साथ कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्री भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ले रहे हैं।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को न्योता मिला। खड़गे भी शपथ ग्रहण में शामिल हुए। प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के पड़ोसी देशों के नेता भी शामिल हुए।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने समारोह में हिस्सा लिया।