नशा हारेगा, देश जीतेगा : नशामुक्त भारत के लिए हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी — डॉ. बिंदल
सोलन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण, वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | सोलन
नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को सोलन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुनने के उपरांत कही।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त युवा अभियान के माध्यम से देशवासियों को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में नशे के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के कार्यक्रम में नशामुक्ति के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता और भारतीय स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ महज एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए सामाजिक सरोकारों, नवाचार, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में आम नागरिकों के योगदान को देश के सामने लाया जा रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार प्रत्येक नागरिक को समाजसेवा और राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। नशामुक्त और सशक्त भारत के निर्माण के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे।