चंबा में पुराने लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण की समयसीमा तय, 31 मार्च तक कार्रवाई के निर्देश
चंबा जिले में छह माह और एक वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व मामलों का निस्तारण 31 मार्च तक किया जाएगा। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सभी राजस्व अधिकारियों को इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में होने वाली अनावश्यक देरी से राहत दिलाना है।
चंबा
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विशेष राजस्व लोक अदालत के तहत मामलों के समाधान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम, तहसील और उपतहसील स्तर पर लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी मामले के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
नवंबर में 187 मामलों का निपटारा
बैठक में बताया गया कि नवंबर में अब तक जिले में कुल 187 राजस्व मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इनमें तक्सीम के 74, सीमांकन के 67 और राजस्व अभिलेख दुरुस्ती से जुड़े 46 मामले शामिल हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारित मामलों का पूरा विवरण आरएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि मामलों की प्रगति और कार्रवाई का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रहे।
अतिक्रमण और राहत मामलों की भी समीक्षा
उपायुक्त ने अतिक्रमण से संबंधित लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में लेखा परीक्षा टिप्पणियों, ई-डिस्ट्रिक्ट से जुड़े लंबित मामलों और राहत प्रकरणों सहित राजस्व विभाग के विभिन्न विषयों की भी समीक्षा की गई। जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह बैठक में मौजूद रहे, जबकि विभिन्न उपमंडलों के तहसीलदार और नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े।