नशे की खेप के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा 19 वर्षीय युवक, पूछताछ जारी
HNN / चंबा
जिला चंबा में पुलिस ने नशे की खेप के साथ एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय अक्षय कुमार पुत्र छोटू राम जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप को लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को यह सफलता उस समय मिली जब पुलिस की टीम नागोड़ी नामक स्थान पर गश्त कर रही थी।
इस दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी हरकते उन्हें संदिग्ध लगी। पुलिस ने शक के आधार पर जब युवक को रोका और उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। युवक को घबराता देख पुलिस को उस पर शक हुआ और उन्होंने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 8.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर युवक को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-21 के तहत मामला दर्ज किया। खबर की पुष्टि एसपी चंबा अभिषेक यादव ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।