नशे की खेप सहित नकदी के साथ नेपाली मूल का व्यक्ति गिरफ्तार
HNN / शिमला
जिला शिमला के उपमंडल ठियोग के अंतर्गत आते गांव मतियाना में पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से नशे की खेप सहित 71 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। आरोपी नेपाली मूल का बताया जा रहा है, जिसकी पहचान हम बहादुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नेपाली मूल के एक व्यक्ति के पास नशे की खेप है जिसकी वह अब सप्लाई करने जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नेपाली मूल के व्यक्ति को जांच के दौरान रुकवाया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति के पास से 98.60 ग्राम चरस, 600 ग्राम अफीम और 71 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने जब व्यक्ति से इस बारे में पूछताछ की तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
जिसके चलते पुलिस ने नकदी सहित नशे के सामान को कब्जे में लिया और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने की है।