नशे के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट में युवक की हत्या, 11 युवक गिरफ्तार
HNN/सोलन
सोलन जिले के बद्दी में नशे के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की हत्या के बाद पुलिस ने 11 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पंचकूला निवासी राहुल राय अपने तीन अन्य साथियों के साथ ट्रक यूनियन में आया था। आरोप है कि वह गांजा की सप्लाई करने आया था। इस पर दूसरे गुट के युवकों ने लेनदेन को लेकर मारपीट की। इससे राहुल राय की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य घायल युवक पंचकूला और पीजीआई चडीगढ़ में उपचाराधीन हैं।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी सोमवार देर शाम और आठ को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल कराया जा रहा है। गिरफ्तार युवकों में हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
एसपी इल्मा अफरोज घायलों का हालचाल पूछने के लिए पीजीआई गई और उनके परिजनों से मिलीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।