Loading...

नहाने के लिए खड्ड में उतरे 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

PARUL 29 May 2024 Edited 29 May 1 min read

HNN/शिमला

राजधानी शिमला में उपमंडल ठियोग के तहत बलग खड्ड में नहाने उतरे 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई है। मृतक युवक की पहचान 17 वर्षीय आर्यन निवासी चौपाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आर्यन अपने मामा के घर टियाली आया हुआ था।

इस दौरान वह अपने चार दोस्तों के साथ बलग खड्ड में नहाने गया। वह अपने दोस्त श्रीराम तथा अरुण के साथ नहाने के लिए खड्ड में उतर गया, जबकि सूर्यांश तथा हर्ष खड्ड के किनारे खड़े थे। इस दौरान तीनों युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। किनारे पर खड़े युवकों की आवाजें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को खड्ड से बाहर निकाला।

जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। जबकि श्रीराम तथा अरुण का प्राथमिक उपचार किया गया, दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।