नहीं रहे गजल गायक पंकज उधास, 72 साल की उम्र में हुआ निधन
गजल गायक पंकज उधास का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। पंकज उधास लंबी बीमारी से जूझ रहे थे। पंकज उधास की परिवार ने एक स्टेटमेंट जारी करते हुए उनके निधन की खबर दी है। पंकज उधास के पीआर ने बताया कि उनका निधन 26 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था।
पंकज किस बीमारी से जूझ रहे थे इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। बता दें उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। पंकज उधास 10 दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुए थे। बीते कई दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी।
पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 को गुजरात के जीतपुर में हुआ था। उनके पिता किसान थे और दोनों भाई भी सिंगर थे। साल 2006 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।