नहीं रहे स्वास्थ्य मंत्री के ओएसडी संजय शर्मा, सोलन अस्पताल में निधन
मौत की खबर सुनते ही फूट-फूट कर रोए स्वास्थ्य मंत्री शांडिल
HNN/सोलन
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के ओएसडी संजय शर्मा की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई है। वे 53 साल के थे। जानकारी के अनुसार संजय शूलिनी मेले की अंतिम संस्कृतिक संध्या से पूर्व डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व स्वास्थ्य मंत्री के साथ गंज बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में माथा टेकने गए थे।
इस दौरान संजय के सीने में अचानक दर्द हुआ। उनकी हालत को देख अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इस बीच उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री मेले की अंतिम संध्या में निकल गए, लेकिन कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार वितरण समारोह के बीच स्वास्थ्य मंत्री अचानक उठ कर निकल गए।
उनके साथ डिप्टी सीएम और अन्य कांग्रेस के बड़े नेता भी चले गए। इस तरह मंत्रियों के चले जाने से माहौल पूरी तरह बदल गया। कुछ देर बाद पता चला कि स्वास्थ्य मंत्री के ओएसडी संजय की अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत हो गई।
संजय के अचानक निधन से कांग्रेसी नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। इसके साथ साथ उनके पैतृक गांव में माहौल गमगीन है। बता दें कि संजय सिरमौर जिला के नारग के रहने वाले हैं उनके निधन की खबर सुनकर नारग समेत पच्छाद इलाके में शोक की लहर है।