नाकाबंदी के दौरान एनआईटी के दो छात्रों से बरामद हुई चरस, गिरफ्तार
HNN/हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे नशा तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला जिला हमीरपुर का है। जहां एनआईटी के एक छात्र की नशे के ओवरडोज़ से हुई मौत के बाद भी नशे का कारोबार कम होने की बजाय बढ़ रहा है। जिसके चलते पुलिस ने अब जिला हमीरपुर में लंबलू के पास मौलाना गांव में गश्त के दौरान एनआईटी के दो छात्रों को चरस सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों युवकों से 33. 84 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों की पहचान ओमर जमान निवासी केरल और सचिन शर्मा निवासी गांव गदयाडा डाकघर बिकरमनी तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने मौलाना गांव में नाकाबंदी कर रखी थी। जिस दौरान पुलिस ने मंडी से हमीरपुर की बस (74A -7979) को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान जब पुलिस ने ओमर जमान की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 18.79 ग्राम चरस बरामद हुई। तो वहीं जब सचिन शर्मा की तलाशी ली गई तो उससे 15.05 ग्राम चरस बरामद हुई।
जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर हमीरपुर में मामला दर्ज किया और आगामी कार्यवाही शुरू की। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी।