नाकाबंदी के दौरान गाड़ी से बरामद हुई चरस की बड़ी खेप, आरोपी गिरफ्तार
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने एक गाड़ी से 1.043 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान शाम लाल पुत्र शुनका राम निवासी जिल्हन जिला मंडी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने अमनी क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां वाहनों को जांच के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने सामने से आ रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका। पुलिस ने जब गाड़ी चालक से पूछताछ की तो वह घबरा गया। जिसके बाद उन्होंने शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली।
इस दौरान उन्हें गाड़ी चालक के कब्जे से 1.043 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। मामले की पुष्टि एसपी नूरपुर अशोक रतन द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी चरस की खेत को कहां से लेकर आया था इसकी जांच की जा रही है।