नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने चरस सहित दबोचा तस्कर
HNN/ मंडी
जिला मंडी स्थित जोगिंद्रनगर में पुलिस ने एक व्यक्ति से चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान वरुण कटोच निवासी गांव अंद्राणा तहसील आलमपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम जोगिंद्रनगर-मंडी एनएच पर गुम्मा से थोड़ी दूर सूखा नाला के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बड़ा ग्राम से बैजनाथ आ रही एक निजी बस को जांच के लिए रुकवाया। जब पुलिस ने बस की जांच करनी शुरू की तो बस में सवार वरुण नाम का व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। जिसके बाद शक के आधार पर पुलिस ने वरुण के पास मौजूद एक बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से 792 ग्राम चरस बरामद हुई। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ जोगिंद्रनगर प्रीतम जरियाल ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को चरस सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।