प्रवासी मजदूरों को बड़ा नुकसान, छह लाख से अधिक की संपत्ति स्वाहा
नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत भूंपल के रंगाड़ गांव में रविवार दोपहर को भीषण आग लगने से प्रवासी मजदूरों की 23 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में किसी प्रकार की जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार करीब छह लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
प्रभावित प्रवासी परिवारों ने दावा किया है कि करीब अढ़ाई लाख रुपए नगद भी आग की चपेट में आ गए। दमकल विभाग को दी गई जानकारी के अनुसार, एक परिवार ने अपने घर भेजने के लिए करीब 60 हजार रुपए झोपड़ी में रखे थे, जो जलकर राख हो गए।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
भंडारे में गए थे मजदूर, शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रवासी परिवारों ने बताया कि रविवार दोपहर वे क्षेत्र में आयोजित भंडारा खाने गए थे। उसी दौरान यह अग्निकांड हुआ। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब 23 झुग्गियां पूरी तरह जल गईं, जबकि आठ झुग्गियों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा। वहीं, पास की कुछ पक्की दुकानों को भी आग से बचा लिया गया।
ग्राम पंचायत प्रधान और एसडीएम मौके पर पहुंचे
ग्राम पंचायत भूंपल के प्रधान हरीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पाया कि झुग्गियां पूरी तरह जल चुकी थीं।
एसडीएम नादौन राकेश कुमार शर्मा भी घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
प्रभावित परिवारों को मिलेगी राहत
एसडीएम राकेश शर्मा ने बताया कि इस घटना में यूपी और बिहार से आए प्रवासी परिवारों की झुग्गियां जली हैं, जो यहां लेबर का काम करते हैं।
पंचायत के सहयोग से प्रभावित परिवारों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। सोमवार को सभी प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के रूप में दो-दो हजार रुपए दिए जाएंगे और बाद में नुकसान का आकलन कर आगे की सहायता प्रदान की जाएगी।
मां ने साहस दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला
इस आगजनी के दौरान एक प्रवासी मजदूर परिवार का एक बच्चा झुग्गी में फंस गया था। जब उसकी मां ने झोपड़ी से उठती आग की लपटें देखीं, तो बिना देर किए उसने आग की परवाह किए बिना अपने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, झुग्गी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group
