Loading...

डीएसपी सुनील राणा ने संभाला संगड़ाह का कार्यभार नशे व अवैध खनन पर सख्ती, पुलिस-जन सहयोग बढ़ाने पर जोर

Shailesh Saini • 17 Feb 2026 • 1 Min Read

संगड़ाह

सिरमौर जिला के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में एचपीएस अधिकारी सुनील राणा ने डीएसपी का कार्यभार संभाल लिया। करीब तीन माह से यह पद रिक्त चल रहा था, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक समन्वय प्रभावित हो रहा था।

सुनील राणा इससे पहले डीएसपी एसडीआरएफ कांगड़ा तथा एसडीपीओ कांगड़ा के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर क्षेत्र से संबंध रखने वाले राणा ने सरकारी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। एमएससी और बीएड के बाद उन्होंने पुलिस सेवा को चुना।

कार्यभार संभालने के बाद स्थानीय लोगों ने शाल व टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया और क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद जताई।डीएसपी सुनील राणा ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

नशे के कारोबार, अवैध तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। खनन माफिया पर कार्रवाई के लिए संयुक्त अभियान चलेंगे तथा रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी।यातायात नियमों की अवहेलना, ओवरलोडिंग, प्रेशर हॉर्न, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती की जाएगी।

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध जागरूकता और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नए डीएसपी के नेतृत्व में क्षेत्र में नशे, अवैध खनन और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा तथा लोगों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।