नादौन में ब्यास किनारे जली प्रवासियों की चार झुग्गियां
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में नादौन के वार्ड एक में ब्यास नदी किनारे पंप हाउस के निकट प्रवासियों की चार झुग्गियां आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में चार परिवारों का अंदर रखा कैश, गहने, कपड़े व खाद्य पदार्थ जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के समय चारों परिवार दिहाड़ी मजदूरी के लिए गए थे।
जैसे ही आसपास के लोगों ने आग देखी तो उन्होंने इसकी सूचना इन परिवार वालों को दी। रेखा देवी पत्नी प्रभु साहनी ने बताया कि उसके पति की मौत 10 वर्ष पहले हो चुकी है और उसके चार छोटे बेटे हैं। उसने बताया कि इस घटना में झुग्गी में रखे करीब 60,000 और कुछ गहनों सहित सारा सामान जलकर राख हो गया है।
पड़ोस में रहने वाले संजय कुमार ने अपने कुएं से बड़ी पाइप लगाकर स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रोहित कंवर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने चारों परिवारों को दस हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की। उन्होंने कहा कि नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। वहीं पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन आरंभ कर दी है।