नामांकन वापसी के बाद अब 13 उम्मीदवार मैदान में, 10 जुलाई को होगा मतदान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों में नामांकन वापसी के बाद अब 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। तीनों सीटों पर 10 जुलाई को मतदान है। देहरा में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया और यहां पांच, हमीरपुर में निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार के नामांकन वापसी के बाद अब तीन व नालागढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी गुरनाम सिंह की नामांकन वापसी के बाद अब पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि देहरा में पांच, हमीरपुर में तीन व नालागढ़ में अब पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में कमलेश इंडियन नेशनल कांग्रेस, होशियार सिंह भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा देवी, अरुण अंकेश स्याल और एडवोकेट संजय शर्मा चुनावी मैदान में हैं।
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से आशीष शर्मा भारतीय जनता पार्टी, डॉ. पुष्पिंदर वर्मा इंडियन नेशनल कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी नंद लाल शर्मा चुनावी मैदान में हैं। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा इंडियन नेशनल कांग्रेस, केएल ठाकुर भारतीय जनता पार्टी, किशोरी लाल शर्मा स्वाभिमान पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी हरप्रीत सिंह व विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं।