नालागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस तो हमीरपुर से भाजपा ने दर्ज की जीत
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज सामने आ चुके हैं। विधानसभा उपचुनाव में दो सीटों पर कांग्रेस व एक पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। नालागढ़ सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने भाजपा से केएल ठाकुर को 8,990 मतों से हराकर उपचुनाव जीत लिया है।
बता दें कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा को कुल 34,608 वोट पड़े। वहीं भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर को कुल 25,618 वोट मिले। हमीरपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने 1571 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। बता दें भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा को कुल 27,041 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा को कुल 25,470 वोट पड़े।
भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा की जीत पर हमीरपुर में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान समर्थकों ने आशीष शर्मा को कंधों पर उठाया। उपचुनाव नतीजों के बाद अब विधानसभा में विधायकों की संख्या फिर 68 हो गई है। कांग्रेस के पास अब 40 विधायक हो गए हैं। भाजपा के विधायकों की संख्या 28 हो गई है।