Loading...

नाहन बाजार में अगर लगाया दुकान से बाहर सामान, तो नहीं होगी खैर

PARUL • 26 Oct 2023 • 1 Min Read

अवैध कब्जा और तहबाजारी के खिलाफ एमसी नाहन का एक्शन मोड प्लान तैयार

HNN/नाहन

नाहन शहर के बाजार में दुकानों से बाहर अवैध कब्जा कर समान बेचने वालों के खिलाफ नगर परिषद नाहन ने एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। यही नहीं इस एक्शन प्लान में तहबजारियो को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। असल में शहर के प्रबुद्ध जनों के द्वारा नगर परिषद नाहन में यह शिकायत की गई कि शहर के बाजार में पैदल चलना अब मुश्किल हो गया है।

मनीराम, जीतू ठाकुर, हरीश जैन, राकेश पुंडीर, जितेंद्र थापा, राजेंद्र सैनी आदि ने तो यहां तक आरोप लगाया कि नगर परिषद के कुछ कर्मचारी अपने अधिकारियों की आंखों में धूल झोंक कर निजी स्वार्थ के तहत अवैध कब्जा तथा तहबाजारी के खिलाफ बनाए गए नियमों का पालन नहीं करवाते। इनका कहना यह भी है कि शहर के पूरे बाजार और गलियों में अवैध कब्जों की भरमार लग चुकी है।

लोगों का तो यहां तक भी कहना है कि यदि पैदल चलते हुए जगह कम होने के कारण किसी दुकानदार का बाहर रखा सामान गिर कर टूट जाता है तो दुकानदार राहगीर के साथ बदसलूकी भी करने पर आमदा हो जाते हैं। शहर के दिल्ली गेट से गुन्नूघाट, बड़ा चौक, छोटा चौक यहां तक कि बस स्टैंड के आसपास अधिकतर बाजार व बाजार की गलियों में अवैध कब्जा हुआ तहबाजारी की इन दिनों भरमार लगी हुई है।

वहीं लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नाहन नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के द्वारा पुलिस गार्ड के लिए पुलिस अधिकारियों को सूचित भी कर दिया गया है। अब नाहन नगर परिषद कभी भी किसी भी समय एक्शन मोड में आ सकती है।

वहीं नाहन नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके द्वारा अवैध कब्जा धारी पर कार्यवाही किए जाने को लेकर पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। उन्होंने तहबजारियो और अवैध कब्जाधारी दुकानदारों से अंतिम अपील करते हुए कहा कि दुकान से बाहर गली में रखा सामान तुरंत दुकान के अंदर रख लिया जाए।

अन्यथा कार्यवाही के दौरान उनका सामान जप्त कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में अतिक्रमण अवैध कब्जा अथवा तहबाजारी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यवाही को अंजाम देने के लिए योजना बना ली गई है।