HRTC ऑटोमोबाइल टेक्निकल स्टाफ भर्ती : 70 पदों के लिए पहुंचे करीब 2500 अभ्यर्थी, भर्ती प्रक्रिया स्थगित
भोटा में ऑटोमोबाइल टेक्निकल स्टाफ के 70 पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के कारण चयन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी नहीं हो सकी। कंपनी ने सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों का हवाला देते हुए भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी है।
हमीरपुर
70 पदों के लिए आयोजित भर्ती में अपेक्षा से अधिक संख्या में पहुंचे अभ्यर्थी
भोटा स्थित द ग्रैंड पैलेस होटल में एचआरटीसी के लिए इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति करने वाली ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड द्वारा ऑटोमोबाइल टेक्निकल स्टाफ के 70 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। कंपनी के अनुसार भर्ती के लिए अनुमानित संख्या से कहीं अधिक, लगभग 2500 अभ्यर्थी मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ पहुंचने से प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन और चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई। कंपनी का कहना है कि कई अभ्यर्थी ऐसे भी पहुंचे थे, जिनका संबंधित तकनीकी पदों से सीधा संबंध नहीं था, जिससे भर्ती स्थल पर भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया।
सोशल मीडिया पर प्रचार के कारण बढ़ी भीड़, होटल को हुआ नुकसान
कंपनी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को सोशल मीडिया पर एचआरटीसी की सीधी भर्ती के रूप में प्रचारित किया गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक भर्ती स्थल पर पहुंच गए। कंपनी का कहना है कि भीड़ बढ़ने के दौरान होटल परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बनी और होटल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। होटल प्रबंधन ने नुकसान का आकलन करते हुए लगभग 1.11 लाख रुपये का बिल कंपनी को सौंप दिया है। कंपनी का कहना है कि भर्ती आयोजन से पहले जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लिखित अनुरोध किया गया था, लेकिन अपेक्षित स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो सकी।
पुलिस पहुंचने के बाद नियंत्रित हुई स्थिति, प्रक्रिया स्थगित
कंपनी के अनुसार स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को तीन बार सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया गया। भर्ती प्रक्रिया के संचालन के लिए कंपनी के केवल चार से पांच अधिकारी एवं कर्मचारी ही मौके पर मौजूद थे, जबकि अभ्यर्थियों की संख्या हजारों में थी। सुरक्षा और व्यवस्थागत परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी ने भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। कंपनी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया दोबारा कब आयोजित की जाएगी, इस संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी।
कंपनी ने जारी किया अपना पक्ष
कंपनी की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया से पहले जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। कंपनी का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर भर्ती से संबंधित भ्रामक जानकारी प्रसारित होने के कारण अनुमान से कई गुना अधिक अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंच गए, जिसके चलते निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं हो सका और भर्ती स्थगित करनी पड़ी।