Loading...

नाहन में अंधड़ से भारी भरकम पेड़ धाराशायी, दबीं 10 गाड़ियां

By Ankita Published: 30 Mar 2024, 2:58 PM | Updated: 30 Mar 2024, 2:59 PM 1 min read

पुलिस लाइन के समीप पार्क वाहनों को पहुंचा लाखों का नुकसान

HNN/ नाहन

पुलिस लाइन नाहन के समीप शनिवार तड़के भारी अंधड़ से भरकम एक पेड़ धाराशायी हो गया। इस दौरान यहां पार्क किए 10 वाहन इसकी चपेट में आ गए। इनमें से पांच वाहनों को भारी क्षति हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें ज्यादातर वाहन पुलिस कर्मियों के हैं। इन वाहनों को सड़क से निचली तरफ पार्क किया गया था।

पेड़ की चपेट में आए वाहनों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि कई वाहनों को सुबह के समय ही पेड़ के नीचे से हटा दिया गया, जिन्हें कम नुकसान हुआ है। जबकि, पेड़ के तने के नीचे आए वाहनों को हटाने का कार्य जारी है। कर्मचारी पेड़ की टहनियों को काटने में जुटे हैं, ताकि कंडम हुए वाहनों को बाहर निकाला जा सके।

बता दें कि शुक्रवार रात को जिला सिरमौर में मौसम ने अचानक करवट लिया। मध्यरात्रि के बाद जिले के कई हिस्सों में तेज गरज और अंधड़ के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। भारी अंधड़ के बीच लोगों की चिंता काफी बढ़ गई। इससे कई जगह फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। खासकर गेहूं की फसल को नुकसान होने की सूचना है।

मैदानी और ऊंचाई वाले इलाकों में फलदार पौधों को भी क्षति पहुंची है। बहरहाल, नाहन शहर में पुलिस लाइन के समीप वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने की सूचना मिली है। शनिवार दोपहर बाद जिले के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली है।

Tags: