नाहन में आयोजित हुई कांग्रेस सेवा दल जिला सिरमौर की बैठक
लोकसभा चुनाव में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए तैयार की गई रणनीति
HNN/ नाहन
कांग्रेस सेवा दल जिला सिरमौर की एक अहम बैठक कांग्रेस भवन नाहन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवा दल की प्रदेश सचिव हरप्रीत कौर ने की। इस दौरान सेवा दल महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुनीता देवी विशेष तौर पर मौजूद रहीं।

जानकारी देते हुए सेवा दल की जिला संयोजक अलका शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। इसमें संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए हरप्रीत कौर ने कहा कि प्रत्येक बूथ लेवल पर घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी का प्रचार प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरेक मोर्चे सहित हाल ही में आई आपदा के समय भी प्रदेश सरकार ने बेहतर काम किया है। इसके चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश के बाहर से भी सराहना मिली है।
लिहाजा विधानसभा चुनाव की तर्ज पर आने वाले लोक सभा चुनावों में भी कांग्रेस प्रदेश में अपना परचम लहराएगी। बैठक में अपने-अपने बूथों से कांग्रेस को अधिक से अधिक बढ़त दिलाने का संकल्प भी लिया गया। इस मौके पर दिव्यांशी शर्मा, अनीता, सुनीता, फातिमा, परवीन, गुलशन, आमिर, गफ्फार, हरजीत सिंह आदि पदाधिकारी और सेवा दल सदस्य उपस्थित रहे।