Loading...

नाहन में कल 190 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री सुक्खू

By Shailesh Saini Published: 7 Mar 2026, 2:45 PM | Updated: 7 Mar 2026, 2:45 PM 0 min read

नाहन।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कल नाहन शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता को लगभग 190 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देंगे।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और लोक निर्माण विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य तथा विद्युत विभाग से संबंधित कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें नाहन का टेबल टेनिस एवं स्क्वैश कोर्ट परिसर, जिला पंचायत संसाधन केंद्र, राजकीय पॉलिटेक्निक धौलाकुंआ में लड़कों का छात्रावास, कन्या छात्रावास, शैक्षणिक भवन की दूसरी मंजिल, आवासीय ब्लॉक, ऑटोमोबाइल ब्लॉक, कालाअंब में फायर पोस्ट भवन तथा जुड्डा का जोहड़–गड्डा लिंक सड़क शामिल हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री लगभग 153 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें भेड़ों–अदिबद्री सड़क मार्ग, बर्मापापड़ी–पालियों–माजरी सड़क मार्ग का उन्नयन, एनएच–07 से भद्रकाली मंदिर–वन चेक पोस्ट कोलर–विलासपुर रोड तक लिंक रोड का उन्नयन, सड़क सुरक्षा एवं डंपिंग संरचनाएं, कांशीवाला–बिरोजा फैक्ट्री–जाबल का बाग सड़क निर्माण, सैनवाला–झमिरिया–जामनीवाला–चारूवाला कोटला लिंक रोड तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन के भवन का निर्माण शामिल है।

साथ ही स्मार्ट ग्रिड तकनीक के माध्यम से पांवटा साहिब और नाहन शहर में 24×7 गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति की योजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।कार्यक्रम से पूर्व विधायक अजय सोलंकी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनसभा स्थल चौगान मैदान का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।विधायक ने जिला की महिलाओं और आम लोगों से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील भी की है।

Tags: