नाहन में धूं-धूं कर जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले, कांग्रेस-भाजपा नेताओं ने मिलकर किया दहन
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। चौगान मैदान में नगर परिषद की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने एक साथ मिलकर पुतलों को आग लगाई।

कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप ने संयुक्त रूप से पुतलों का दहन किया। चौगान मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण और 35-35 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले तैयार किए गए थे। पुतलों के साथ लंका का भी दहन किया गया।

दशहरा उत्सव देखने के लिए चौगान मैदान में सैकड़ों लोग पहुंचे। पुतलों के दहन के बाद हुई आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। उत्सव के दौरान हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों की भागीदारी ने आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का संदेश दिया।इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरमैन उपमा धीमान सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।