नाहन शहर में सब्जियों के दाम आसमान पर
गोभी ने मारा अर्ध शतक तो लहसुन दोहरे शतक के पार
HNN/ नाहन
नाहन में बीते दो-तीन दिनों के अंदर ही सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच चुके हैं। सब्जियों के बढ़े दाम के कारण रसोई से सब्जियों की महक अब गायब होती नजर आ रही है। अभी यदि गोभी की बात की जाए तो 2 दिन से गोभी का रेट 50 रुपए किलो और लहसुन अभी भी 200 रुपए किलो से ऊपर चल रहा है।
अब यदि बात टमाटर की की जाए तो यह 50 किलो रुपए के हिसाब से बिक रहा है। इसके अलावा पत्ता गोभी 30 रुपए, प्याज 30 रुपए किलो, लौकी 40 रुपए किलो, गाजर 30 रुपए किलो, करेला 30 का पाइया, भिंडी 30 की पाइया, फ्रांस बिन 20 की पाइया और बैंगन 40 रुपए किलो के हिसाब से बिक रहा है।
हैरानी तो इस बात की है कि इक्का-दुक्का सब्जी विक्रेता को छोड़कर अधिकतर दुकानों से रेट लिस्ट भी गायब है। जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है।
हैरानी की बात यह भी है कि दिल्ली गेट के समीप जिन स्थानीय व्यक्तियों को अपनी सब्जी बेचने के लिए जगह दी गई थी उनके पास भी हरियाणा मंडी की सब्जियां बिक रही है। यह सब्जी विक्रेता हरियाणा की सब्जियों के भी लोकल दामों की बजाय दोगुना रेट वसूल रहे हैं।