निजी होटल में पंजाब के व्यक्ति की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज….

By Ankita Published: 5 Feb 2023, 9:58 PM | Updated: 5 Feb 2023, 10:04 PM 1 min read

HNN/ चंबा

जिला चंबा के पर्यटन नगरी डल्हौजी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान गुरजिंदर सिंह 52 वर्षीय पंजाब के जालंधर जिले के रूप में हुई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरजिंदर अपनी पत्नी और बेटे के साथ पर्यटन नगरी डल्हौजी घूमने आया हुआ था, जहां वह एक निजी होटल में रुके हुए थे। इस दौरान गुरजिंदर नहाते समय अचानक नीचे गिर गया। जब काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं निकला तो उसके परिजन चिंतित हो गए। जिसके बाद वह उसे देखने बाथरूम में गए जहां उन्होंने देखा कि वह बेहोशी की हालत में नीचे गिरा हुआ है।

गुरजिंदर को इस हालत में देखकर उसके परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल डल्हौजी ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की पुष्टि एसएचओ डल्हौजी अनिल शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।