निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में जांचा 155 लोगों का स्वास्थ्य
HNN/सोलन
जिला सोलन में ग्राम पंचायत रौड़ी और अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रौड़ी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महर्षि मारकंडेश्वर अस्पताल सोलन से डॉक्टरों की टीम ने 155 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
शिविर में रोगों की जांच के लिए हड्डी, नेत्र, कान, नाक, गला रोग, त्वचा, स्त्री रोग व आंख की जांच और आंतरिक चिकित्सा के विशेषज्ञों ने जांच की। वहीं निशुल्क जरूरी दवाएं भी लोगों को दी गई।
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक ने कहा कि शिविर में लोगों की भागीदारी नियमित बनी रहे इसके लिए अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन सतत प्रयासरत रहेगा। शिविर में पंचायत प्रधान रौड़ी रीना शर्मा, पंचायत सदस्य मदन शर्मा, हरदेव शर्मा, धनी राम, डॉक्टर पल्लवी व भूपेंद्र गांधी विशेष रूप से मौजूद रहे।