Loading...

नीतीश कुमार ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, 9वीं बार बने बिहार के सीएम

Ankita • 28 Jan 2024 • 1 Min Read

नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी एक बार फिर से संभाल ली है। रविवार को बिहार के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नीतीश कुमार को सीएम के पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल किया है।

सीएम की कुर्सी संभालने से पहले रविवार को नीतीश कुमार ने महागठबंधन से अपना नाता तोड़ दिया और नाता तोड़ते हुए राजभवन जाकर इस्तीफा दिया था। नीतीश कुमार ने अब तक आठ बार बिहार के सीएम की कुर्सी संभाली थी।

28 जनवरी को नीतीश कुमार ने जब बिहार के सीएम की शपथ ली तो यह नौंवीं बार हुआ जब नीतीश कुमार बिहार के सीएम बने। नीतीश कुमार समेत 9 लोगों को राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नीतीश कुमार के अलावा डिप्टी सीएम की कुर्सी भाजपा कोटे से जिन दो चेहरों को मिली है उनमें सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शामिल हैं। नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी ने शपथ ली। इसके अलावा मंत्री के तौर पर विजय चौधरी, श्रवण कुमार, डॉक्टर प्रेम कुमार, संतोष कुमार सुमन, विजेंद्र यादव, सुमीत सिंह ने शपथ ली।