नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को घेरा
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल की हर प्रकार मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्टेट टैक्स शेयर के 1479 करोड़ रुपए का एडवांस भुगतान हिमाचल प्रदेश के लिए किया गया, जिससे मुख्यमंत्री कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन दे सकते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू और उनके मंत्रियों को केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताना चाहिए और झूठे आरोपों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी नाकामी को केंद्र के ऊपर थोपना चाहती है और हर दिन किसी न किसी प्रकार का झूठ बोलती है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से हमेशा सहयोग मिलता है, चाहे वह प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना हो या स्वास्थ्य संबंधी योजनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा है और लोग कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगे।