नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगे 5.30 लाख रुपए, आरोपी गिरफ्तार
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज में नौकरी के नाम पर साढ़े 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिखा कुमारी पुत्री विजय कुमार गांव व डाकघर धमरोल जिला हमीरपुर ने इस बाबत पुलिस थाना भोरंज में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि उसे व उसके भाई को नौकरी दिलाने के नाम पर सुरेश कुमार उर्फ विशाल (21) पुत्र रणजीत सिंह गांव व डाकघर कोसरियां, तहसील थाना झंडूता, जिला बिलासपुर उम्र 21 वर्ष ने साढ़े 5 लाख रुपये की ठगी की है।
शिखा की सुरेश से पहले फोन के माध्यम से बात हुई व बाद में मुलाकात भी हुई। भाई को नौकरी दिलाने के नाम पर उसने कई बार आरोपी को अलग-अलग माध्यम से साढ़े 5 लाख रुपये दिये, लेकिन उसके भाई को आज तक नौकरी नहीं मिली है।
बार-बार के बहानों से थक हार कर शिखा ने सुरेश के खिलाफ भोरंज थाना मे शिकायत दर्ज करवाई है। इस संदर्भ में पुलिस भोरंज के एसएचओ योगराज चंदेल ने बताया कि शिकायत थाना में दर्ज की गई है। आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे 11 अप्रैल तक पुलिस रिमांड मिला है।