पंचायत प्रधान यूनियन नाहन ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी सिरमौर से की मुलाकात
HNN/ नाहन
पंचायती राज ग्राम पंचायत प्रधान यूनियन नाहन ब्लॉक का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डीसी सिरमौर से मिला। इस दौरान प्रधान यूनियन द्वारा डीसी सिरमौर को मांगपत्र सौंपकर मनरेगा के तहत एक पंचायत में 20 कार्य से ज्यादा की अनुमति देने की मांग की गई।
ग्राम पंचायत सैनवाला के प्रधान संदीपक, ग्राम पंचायत कटोला की प्रधान अनीता गॉड, बर्मा पापड़ी पंचायत के प्रधान शेर सिंह, उप प्रधान राजेंद्र सिंह, अनीता देवी, अनिल कुमार, केहर सिंह व जय प्रकाश आदि ने बताया कि एक समय में ग्राम पंचायत में मनरेगा के केवल 20 कार्य करने की अनुमति है। इन दिनों भारी बारिश के कारण लोगों का काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के मकान, डंगे, खेत बारिश की भेंट चढ़ गए है। ग्राम पंचायतों में राहत कार्य शुरू हो ना आवश्यक है। ताकि लोगों को राहत मिल सके। ग्राम पंचायत प्रधान यूनियन ने डीसी सिरमौर से मांग करते हुए कहा कि पंचायतों में मनरेगा के तहत एक समय में 20 से ज्यादा कार्य करने की अनुमति प्रदान की जाए। ताकि लोगों को राहत मिल सके और ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रगति पर चल सके।