पच्छाद कांग्रेस की बैठक में संगठन की मजबूती पर मंथन, टिकट की लड़ाई से पहले पार्टी मजबूत करने पर जोर
धर्मेंद्र धामी बोले—भाजपा के झूठे प्रचार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से लड़ना होगा, हिमाचल के हकों पर केंद्र कर रहा डाका
हिमाचल नाऊ न्यूज पच्छाद
पच्छाद कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारिणी की विशेष बैठक रविवार को सराहां में आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्मेंद्र धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर रहा।
इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों और अपनी अपेक्षाओं को खुलकर जिला प्रभारी के समक्ष रखा।धर्मेंद्र धामी ने कार्यकर्ताओं की राय सुनते हुए कहा कि संगठन की मजबूती किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट की लड़ाई से पहले पार्टी को मजबूत करना जरूरी है। जब संगठन मजबूत होगा तो पार्टी हर राजनीतिक चुनौती का मजबूती से सामना कर सकेगी।उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस की लड़ाई भ्रष्टाचार, पूंजीवाद और युवाओं की आवाज दबाने वाली ताकतों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के बड़े संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों को बेचा जा रहा है। रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और बड़े संस्थानों के निजीकरण का विरोध कांग्रेस को मजबूती से करना होगा।धामी ने कहा कि देश के विकास में कांग्रेस सरकारों का ऐतिहासिक योगदान रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ता शालीनता से काम करते रहे हैं और अपने काम का ढिंढोरा नहीं पीटते, लेकिन अब समय आ गया है कि भाजपा के कथित झूठे प्रचार का मजबूती से जवाब दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को कांग्रेस की नीतियों और केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है और प्रदेश के हकों पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से आगे बढ़ाना होगा।बैठक में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने भी संगठन और पार्टी की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।इस अवसर पर दयाल प्यारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष हिम्मत सिंह अत्रि, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आनंद परमार,
दिनेश आर्य, उषा तोमर, वीरेंद्र झाल्टा, मुन्नी लाल पंवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, हरिदास बनोल्टा, संजीव तोमर और विजय शर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।