प्रवास / मुख्यमंत्री सुक्खू 3 से 6 नवंबर तक चंबा में करेंगे विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
प्रवास / मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 3 से 6 नवंबर तक चंबा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भटियात, चुराह और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री जनसभाओं, जनसंवाद कार्यक्रमों और विद्यार्थियों से संवाद में भी भाग लेंगे।
चंबा
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि मुख्यमंत्री 3 नवंबर को भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी चौगान में पूर्वाह्न 11:40 बजे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। वह अपराह्न 5:15 बजे ककीरा कस्बे के चलामा के लिए रवाना होंगे। चलामा के मेला ग्राउंड में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वह स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ संवाद करेंगे। उनका रात्रि विश्राम घटासनी गांव में होगा।
मुख्यमंत्री 4 नवंबर को प्रातः 9:45 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू स्थित कला मंच में पूर्वाह्न 11:45 बजे विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। सायं 6 बजे देहग्रां के मेला ग्राउंड में उनकी अध्यक्षता में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव देहग्रां गांव में रहेगा।
तीसा और भरमौर क्षेत्र का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 5 नवंबर को प्रातः 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वह भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय लिल्ह कोठी के खेल मैदान में दोपहर 12:05 बजे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री अपराह्न 5:45 बजे मैहला में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 6 नवंबर को वह प्रातः 10 बजे राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।