पझौता में खुला निशुल्क सेवा कार्यालय, यूथ मीडिया क्लब की पहल
HNN/राजगढ़
सिरमौर जिले के पझौता क्षेत्र में यूथ मीडिया क्लब ने निशुल्क सेवा कार्यालय खोला, जिसका शुभारंभ नायब तहसीलदार प्रकाश चंद पाँटा ने किया। इस कार्यालय में क्षेत्र के लोगों को निशुल्क परामर्श, सरकारी योजनाओं की जानकारी और फार्म भरने में मदद मिलेगी।
नायब तहसीलदार प्रकाश चंद पाँटा ने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र के लोगों के लिए लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि यूथ मीडिया क्लब सराहनीय कार्य कर रहा है और इस कार्यालय के माध्यम से लोगों को निशुल्क सेवाएं मिलेंगी।
ग्राम पंचायत प्रधान रणवीर ठाकुर ने कहा कि युवाओं को राजनीति से उठकर क्षेत्र के विकास के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत ढांचे को बेहतर बनाने की जरूरत है और ग्राम पंचायत यूथ मीडिया क्लब का भरपूर सहयोग करेगी।

यूथ मीडिया क्लब के अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि कार्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में सूचना का अधिकार आवेदन, पेंशन आवेदन, कृषि व बगवानी सब्सिडी हेतु आवेदन सहित सभी आवेदन निशुल्क भरने में मदद की जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत शाया सनौरा मोहन सिंह, उप तहसील पझौता से देवेंदर कुमार, संस्था के सभी पदाधिकारी सदस्य, वेलेंटियार पंचायत और क्षेत्र वासी मौजूद रहे।