Loading...

पत्नी की हत्या कर शव जलाने की वारदात , मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 May 2025 • 1 Min Read

शिमला

मृतका का अधजला शव आंगन में दफन, आरोपी पति गिरफ्तार

शिमला के घनपेरी गांव में पत्नी की हत्या कर शव जलाने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा मृतका के भाई की शिकायत पर हुआ। आरोपी पति तोता राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका गुलशन का अधजला शव घर के आंगन में दफनाया हुआ मिला।

भाई ने ऐसे खोला हत्या का राज
मृतका के भाई अक्षय ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि 14 मई को उनकी मां ने गुलशन को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। बार-बार फोन नहीं लगने पर अक्षय अपने रिश्तेदार के साथ गुलशन के घर पहुंचा। वहां पहुंचने पर तोता राम का व्यवहार संदिग्ध लगा। आंगन में एक गड्ढा खुदा हुआ था, जिसमें गुलशन का अधजला शव मिला। अक्षय ने बताया कि उनकी बहन को पहले मारा गया और फिर शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।

आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की
हत्या के बाद आरोपी तोता राम खुद ही शोघी पुलिस चौकी पहुंचा और झूठी कहानी बनाते हुए बताया कि उसकी पत्नी लापता हो गई है। लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की तो उसकी सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासे
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अकेले ही अंजाम दिया है। आरोपी का परिवार छोटा है। उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और उसका भाई शिमला से बाहर नौकरी करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।